Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

अयोध्या पहुंचे गुयाना के उप राष्ट्रपति, किए रामलला के दर्शन

February 21, 2026

अयोध्या पहुंचे गुयाना के उप राष्ट्रपति, किए रामलला के दर्शन

नेशनल डेस्क: भारत और गुयाना के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया जा रहा है। दक्षिण अमेरिका के देश गुयाना के उप राष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव शनिवार सुबह अयोध्या पहुंचे। उनका विशेष विमान सुबह करीब 9:40 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरा। एयरपोर्ट पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका औपचारिक स्वागत किया।

स्वागत समारोह के बाद उप राष्ट्रपति कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से सीधे श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर के लिए रवाना हुए। वे लगभग 11:15 बजे मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराया।

डॉ. जगदेव ने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने उन्हें आगामी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बताया जा रहा है कि वे करीब तीन घंटे तक राम जन्मभूमि परिसर में रहे और पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

दर्शन और निरीक्षण के बाद उप राष्ट्रपति सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए, जहां से वे आगे के कार्यक्रम के लिए प्रस्थान करेंगे। उनका यह दौरा भारत और गुयाना के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को और गहरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें