Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा में नौतपा से राहत, जानियें कहां बदला मौसम, कहां पड़े ओले

May 28, 2026

हरियाणा में नौतपा से राहत, जानियें कहां बदला मौसम, कहां पड़े ओले

अंबाला। देशभर में नौतपा चल रहा है। यहां 25 मई से शुरू हुआ और 2 जून तक चलेगा। अभी इसे चले तीन ही हुए हैं। हरियाणा हो, पंजाब हो या दिल्ली आम आदमी गर्मी की त्रासदी झेल रहा है। ऐसे में अचानक मौसम ने करवट ले ली है। इस करवट ने आम आदमी के साथ-साथ खास आदमी ने भी राहत की सांस ली है।

नौतपा के तीसरे दिन बदला मौसम

नौतपा के महज तीसरे दिन ही मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में छाए बादलों, तेज हवाओं और बूंदाबांदी ने लोगों को बड़ी राहत दी। इस बदले मौसम ने न सिर्फ आम लोगों बल्कि खास लोगों को भी तपिश से कुछ पल की राहत महसूस कराई है। राजस्थान की सीमा से सटे चोपटा क्षेत्र में भारी आंधी-तूफान ने तबाही मचाई है। दूसरी ओर रेवाड़ी में बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को राहत मिली है।

कई मकानों की उड़ गईं छतें

वीरवार दोपहर को चोपटा क्षेत्र के कागदाना, कुम्हारिया, रामपुरा ढिल्लों, चाहरवाला और जोगीवाला सहित कई गांवों में अचानक बादल छाने के बाद बारिश शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक की इस बारिश ने भयंकर तूफान का रूप ले लिया। रामपुरा ढिल्लों के आसपास ओलावृष्टि भी हुई। तूफान की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कई ग्रामीणों के मकानों की छतें तक उड़ गईं और खिड़कियों और सौर ऊर्जा के शीशे टूट गए। कुम्हारिया रोड पर पेड़ उखड़कर गिर गए। कागदाना से खेड़ी जाने वाली बिजली की छोटी-बड़ी लाइनों के खंभे टूटने से पूरे इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई।

शहर में हुई जमकर ओलावृष्टि

तूफान के कारण पहले से बिजाई की गई नरमा और कपास की फसल को भी नुकसान हुआ है। सूचना पर बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन और लाइनों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया। दूसरी ओर रेवाड़ी में भी देरशाम मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर की तेज धूप और लू के थपेड़ों से परेशान लोगों को शाम करीब साढ़े चार बजे आसमान में बादल छाने और तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने बड़ी राहत दी। शहर में जमकर ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया, जिससे कई दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों ने घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवाओं का आनंद लिया।

Also Read : 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें