₹9 Crore Electric Bus Depot Inaugurated in Jagadhri : यमुनानगर। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को जगाधरी में करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि यमुनानगर को जल्द 50 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी।
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत प्रदेश के सात शहरों के लिए 450 बसें स्वीकृत की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जगाधरी का नया डिपो हरित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ शहरों में लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर करेगा। डिपो में छह बसों को एक साथ चार्ज करने की सुविधा, आधुनिक कार्यशाला, वाशिंग स्टेशन और प्रशासनिक भवन बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 10 शहरों में अभी 155 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। इस वर्ष के अंत तक इनकी संख्या 375 करने का लक्ष्य है।
पानीपत के बाद जगाधरी दूसरा ई-बस डिपो है। इसी वित्त वर्ष में करनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में, जबकि अगले वित्त वर्ष में सोनीपत और कुरुक्षेत्र में डिपो तैयार होंगे। पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत यमुनानगर सहित सात शहरों के लिए 450 बसें स्वीकृत हुई हैं। इनमें से 50 बसें यमुनानगर को मिलेंगी। इससे लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आटो पर निर्भरता घटेगी। इलेक्ट्रिक बसों से धुआं और जहरीली गैसें नहीं निकलेंगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, 12 वर्षों में 34 शहरों में 492 करोड़ रुपये से नए बस अड्डे बनाए गए हैं। वर्ष 2022 में ई-टिकटिंग शुरू हुई। रोडवेज 39 श्रेणियों को मुफ्त या रियायती यात्रा सुविधा दे रही है।
हैप्पी कार्ड से गरीब परिवारों को सालाना 1000 किलोमीटर मुफ्त यात्रा मिलती है। अब तक 29 लाख 57 हजार 441 कार्ड बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन और ग्रीन टेक्नोलॉजी से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। पराली प्रबंधन के लिए किसानों को 50 से 80 प्रतिशत सब्सिडी पर 1.5 लाख उपकरण दिए गए हैं। पराली बेचने पर प्रति एकड़ 3000 रुपये तक लाभ और सरकार की ओर से 1200 रुपये सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों का धन्यवाद किया और पंजाब में पराली रोकने की व्यवस्था नहीं होने पर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा।
Also Read :

