इस थाने में लगभग 100 पुलिसकर्मियों एवं सहायक स्टाफ की तैनाती की जाएगी। यह थाना 24 घंटे सातों दिन कार्य करेगा और यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को विशेष पुलिस सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को ब्रह्मसरोवर के पश्चिम तट पर करीब साढ़े छह एकड़ में बनने वाले आधुनिक विश्राम गृह के शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र देश-विदेश के करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव जैसे बड़े आयोजनों के दौरान भी लाखों की संख्या में लोग धर्मनगरी में आते हैं।
ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रदूषण से संरक्षण, स्वच्छता और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मसरोवर के निकट स्थापित होने वाला आधुनिक पर्यटक पुलिस थाना कुरुक्षेत्र आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुरक्षा एवं सहायता का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से व्यवहार-कौशल, सांस्कृतिक संवेदनशीलता और विभिन्न भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि दूसरे राज्यों और विदेशों से आने वाले पर्यटकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित किया जा सके और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पर्यटक पुलिस थाने में सहायता केंद्र, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और खोया-पाया जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत सहायता मिल सकेगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं सहायता पर ध्यान दिया जाएगा। प्रदेश सरकार धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में इससे पहले 11 अक्टूबर 2026 को पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर में हरियाणा की पहली स्थायी टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का शुभारंभ किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य कुरुक्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखते हुए यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाना है।