Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

करनाल का 19वां जनसंवाद कार्यक्रम, CM मनोहर लाल ने सुनी लोगों की समस्याएं

September 27, 2023

करनाल का 19वां जनसंवाद कार्यक्रम, CM मनोहर लाल ने सुनी लोगों की समस्याएं

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार देर शाम करनाल में वार्ड 9 में सेक्टर 7 के सामुदायिक केंद्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। करनाल विधानसभा क्षेत्र का यह 19वां जनसंवाद कार्यक्रम था। हलके में अभी 7 और जनसंवाद कार्यक्रम होने हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार एक महीने के भीतर इन कार्यक्रमों का आयोजन कर दिया जायेगा। एक दिन पहले ही सूचना देने पर सफल कार्यक्रम के आयोजन के लिये उन्होंने लोगों को बधाई दी। इस मौके पर उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की समस्याएं भी सुनी और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटान के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि अब हर व्यक्ति के जन्म दिवस पर शुभकामना संदेश प्रेषित करने का काम भी शुरू किया गया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 25 सितंबर को जन्मे प्रवीण बेनिवाल व एक अन्य व्यक्ति को मंच पर बुलाकर बधाई दी और मुंह मीठा कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 2 करोड़ 80 लाख लोग ही उनका परिवार हैं। वे सभी की चिंता करते हैं। गरीब बच्चों की शिक्षा, बीमार होने पर उनके इलाज की व्यवस्था और गरीबों की आय बढ़ाने के लिये सरकार ने कई कदम उठाये हैं। मुख्यमंत्री ने तीन लाख रुपये तक की सालाना आय वालों को बुढ़ापा पेंशन 2750 रुपये देने का जिक्र करते हुए बताया कि अब पीपीपी में दर्ज आय के आधार पर स्वत: प्रदेश के करीब 80 हजार लोगों की पेंशन बनी है। पात्रों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। हरियाणा पहला ऐसा राज्य है जहां अब विधुरों को भी 40 साल की आयु के बाद 2750 रुपये महीना पेंशन दी जा रही है। इतना ही नहीं कुंवारों(45 से 60) को भी पेंशन देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि एचएसवीपी और लाइसेंसधारी फ्लैट बनाने वाले डेवलपर्स के लिये यह जरूरी किया गया है कि वे फ्लैट होल्डर को रजिस्ट्री कराते समय तोहफे के रूप में साइकिल भी दें। घर में मुहूर्त के समय साइकिल लाकर उसकी पूजा की जानी चाहिये। साइकिल चलाने से सेहत भी तंदुरुस्त रहती है।

मुख्यमंत्री ने लोगों की शिकायतें सुनने के दौरान पंडाल में मौजूद लोगों से पूछा कि अभी तक किस की बुढ़ापा पेंशन और परिवार पहचान पत्र नहीं बने हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि मंगलवार तक इनकी पेंशन व पीपीपी बन जाने चाहियें। विधवा पुष्पा भाटिया के घर का 1.90 लाख रुपये के बिजली बिल का निपटारा करने के लिये विद्युत निगम के अधिकारी को निर्देश दिये। वरिष्ठ नागरिक मंच के ओपी गर्ग की शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर छाता लगवाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने मूल्यांकन (असेसमेंट) कराने का आश्वासन दिया। बीके निर्मला ने सेंटर के लिये सेक्टर 9 में जमीन उपलब्ध कराने की मांग की जिस पर मुख्यमंत्री ने एचएसवीपी के ईओ को निर्देश दिये कि सामाजिक/धार्मिक संस्थाओं के लिये सेक्टर में छोड़ी जगह का पता कर पार्षद को सूचित करें। उसके बाद ही विज्ञापन निकालकर नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा कि 9 सेक्टर में जगह नहीं होगी तो आसपास के सेक्टरों में तलाश की जायेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें