Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

भिवानी में 23 वर्षीय युवक के हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से हत्या

July 7, 2026

भिवानी में 23 वर्षीय युवक के हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से हत्या

भिवानी : जिले के गांव दिनोद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 23 वर्षीय युवक की कथित तौर पर हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव दिनोद निवासी 23 वर्षीय रवि की हत्या के मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक के ताऊ दुलीचंद के अनुसार, गांव के ही एक पिता-पुत्र ने रवि को फोन कर अपने खेत में बुलाया।

कई बार बुलाने के बाद रवि खेत पर पहुंचा, जहां आरोप है कि दोनों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और खेत में बने कमरे में ले जाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल रवि को आरोपी अधमरी हालत में कमरे के बाहर छोड़कर फरार हो गए। कुछ देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे उसे तुरंत भिवानी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उपचार के बाद रवि को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि जब रवि मिला तो उसके हाथ पर रस्सी बंधी हुई थी। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि रवि करीब दो साल पहले आरोपियों के यहां ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। रवि तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और अविवाहित था। उसके परिवार में एक छोटा भाई और एक बहन है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जांच अधिकारी सत्यपाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने युवक को घर से बुलाकर खेत में ले जाकर उसके साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह पूरी तरह साफ हो सकेगी। बाइट्स और जांच के आधार पर इस मामले में आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें