Site icon Dainik Savera Times

रोहणा में 39 वर्षीय युवक योगेन्द्र की गोली मारकर हत्या

खरखौदा: रोहणा गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब देर शाम को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय योगेन्द्र के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने गांव के ही पांच युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। योगेन्द्र सोमवार शाम को अपने घर पर कुछ दोस्तों के साथ बैठा हुआ था। तभी गांव का एक युवक सुनील उर्फ पंखा वहां आया और योगेन्द्र से गाली-गलौच करने लगा। योगेन्द्र ने उसे शांत रहने और अपने घर लौट जाने की बात कही, लेकिन सुनील ने धमकी दी कि वह उसे देख लेगा और वहां से चला गया। कुछ देर बाद सुनील चार अन्य युवकों के साथ दोबारा वहां पहुंचा।

मृतक के पिता शिकायतकर्ता सुरेन्द्र ने बताया कि हमलावरों में अनिल उर्फ दिवा के पास पिस्टल थी, जबकि उसके साथ संदीप उर्फ थोथा, डीलू, सुनील और एक अन्य युवक भी था। इन सभी ने मिलकर योगेन्द्र पर हमला बोल दिया। सुरेंद्र का कहना है कि अनिल ने योगेन्द्र पर सीधी गोली चला दी, जिससे वह घायल होकर भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन तमाम आरोपियों ने उसे घेर लिया और मारपीट करते हुए मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि वे हमलावरों को अच्छी तरह पहचानते हैं और उनकी गिरफ्तारी जल्द की जानी चाहिए। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। साथ ही हमलावरों की धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: Dhurandhar 2 BO Day 17: IPL के बीच भी दुनियाभर में छाई ‘धुरंधर 2’, 17 दिनों में तोड़ा रिकॉर्ड   

Exit mobile version