Site icon Dainik Savera Times

अंबाला छावनी में हाऊसिंग बोर्ड चौकी के पास धर्मशाला के बाहर मिला 6 माह का भ्रूण

अंबाला छावनी : अंबाला छावनी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हाउसिंग बोर्ड चौकी के अधीन आने वाले एक धर्मशाला के बाहर छह माह का भ्रूण मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को राहगीरों में से किसी ने धर्मशाला के पास सड़क किनारे एक भ्रूण पड़ा देखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद हाउसिंग बोर्ड चौकी इंचार्ज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भ्रूण को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मृत अवस्था में मिले भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए सिविल हॉस्पिटल अंबाला छावनी भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि भ्रूण वहां कैसे और किसके द्वारा फेंका गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। इस तरह की दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। राहगीरों का कहना है कि इतनी बड़ी लापरवाही और अमानवीय कृत्य समाज पर कलंक है। लोगों ने जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरूआती जांच में यह मामला भ्रूण हत्या का लग रहा है। मामले की तहकीकात की जा रही है और जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Himachal: तापमान बढ़ने से दरकने लगे बर्फ के पहाड़, लाउडस्पीकर से लगातार चेतावनी दे रही पुलिस

Exit mobile version