अम्बाला छावनी : वार्ड नंबर 10 के अजीत नगर में गली निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुआ विवाद बुधवार को मारपीट और फिर छावनी सिविल अस्पताल में हंगामे तक पहुंच गया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, अजीत नगर में गली के निर्माण कार्य को लेकर विवाद के दौरान बुजुर्ग राजेश शर्मा के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद उनके घर के बाहर नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी भी हुई।
इसके बाद राजेश शर्मा को उपचार के लिए अम्बाला छावनी सिविल अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद वहां काफी हंगामा देखने को मिला। इसी दौरान राजेश शर्मा के बेटे ने वार्ड नंबर 10 के पार्षद रमन छतवाल और उनके साथियों पर मारपीट के आरोप लगाए।
ओंकार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत
इसी मामले को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह ने महेश नगर थाना पुलिस को शिकायत देकर पार्षद रमन छतवाल, टिंकू राणा और उनके साथियों पर धक्का-मुक्की तथा मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में ओंकार सिंह ने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे राजेश शर्मा के घर गए थे। उनका कहना है कि वहां से वापस लौटते समय रमन छतवाल, टिंकू राणा और उनके साथियों ने कथित तौर पर उनके साथ धक्का-मुक्की की तथा मारपीट करने का प्रयास किया।
ओंकार सिंह ने शिकायत में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने घटना में शामिल लोगों का मेडिकल परीक्षण करवाने की भी मांग की है, ताकि नशे के सेवन संबंधी आरोपों की स्थिति मेडिकल जांच से स्पष्ट हो सके।