Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाइप विवाद की शिकायत के बाद गांव लोहारा के किसान ने खेत में फंदा लगाकर दी जान

June 24, 2026

पाइप विवाद की शिकायत के बाद गांव लोहारा के किसान ने खेत में फंदा लगाकर दी जान

लाडवा : गांव लोहारा में एक किसान द्वारा खेत में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान गांव निवासी फतेह सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले किरायेदारों पर मानसिक दबाव बनाने और झूठी शिकायत देकर परेशान करने के आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात फतेह सिंह घर से निकले थे।

बुधवार सुबह उनके परिजनों ने घर से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में पेड़ से एक व्यक्ति को लटका हुआ देखा। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वह फतेह सिंह हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और लाडवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल भेज दिया। वहीं मृतक के पुत्र मनजीत सिंह ने बताया कि 15-16 जून के आसपास उनके परिवार का पड़ोस में ताई के मकान में रहने वाले किरायेदारों के साथ पीने के पानी की पाइपलाइन को लेकर विवाद हो गया था।

उनका कहना है कि पाइपलाइन में लीकेज था, जिसे ठीक कराने के लिए किरायेदार लगातार दबाव बना रहे थे। उनके पिता ने जल्द ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद किरायेदारों ने उनके खिलाफ लाडवा थाने में शिकायत दे दी। उनका आरोप है कि शिकायत में उनके पिता पर झूठे आरोप लगाए गए थे, जिसके कारण वह पिछले करीब आठ दिनों से मानसिक तनाव में थे। उन्होंने कहा कि इसी तनाव के चलते उनके पिता ने मंगलवार रात खेत में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

वहीं परिजनों ने यह भी दावा किया कि जिन किरायेदारों के साथ विवाद चल रहा था, वे मंगलवार रात ही बिना किसी को सूचना दिए मकान खाली कर वहां से चले गए। उनके अनुसार किरायेदार अपना सामान साथ ले गए, जबकि पालतू कुत्ते को वहीं छोड़ गए। वहीं समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें