Site icon Dainik Savera Times

फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार ट्राले ने कैंटर को मारी टक्कर, एक की मौत

घरौंडा: घरौंडा के पास गढ़ी मुल्तान फ्लाईओवर पर तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली की ओर जा रहे एक कैंटर को अज्ञात ट्राले ने साइड से टक्कर मार दी। हादसे में कैंटर में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, हरगोबिंद नगर जालंधर निवासी गुरमीत सिंह ने बताया कि वह कैंटर का मालिक है और खुद ही उसे चलाता है।

ये भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal 28 January 2026: वृषभ, कन्या और कर्क आज बरतें सावधानी, इन राशियों की चमकेगी किस्मत

14 दिसंबर 2025 को वह अपने कैंटर में आलू और फल लोड कर जालंधर से दिल्ली के लिए निकला था। उसके साथ कैंटर में काहनपुर गांव निवासी दलजीत सिंह पुत्र गुरबचन सिंह भी मौजूद था। गुरमीत सिंह ने पुलिस को बताया कि 15 दिसंबर को करीब 4 बजे सुबह जब वह घरौंडा से कुछ दूरी पर गढ़ी मुल्तान फ्लाईओवर पर पहुंचा, तो उसके आगे एक ट्राला चल रहा था। ट्राला चालक गफलत और लापरवाही से वाहन चला रहा था। जब गुरमीत सिंह अपने कैंटर को ट्राले से पास करने लगा, तभी ट्राला चालक ने अचानक बिना संकेत दिए ट्राले को उसकी साइड में मोड़ दिया और कैंटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कैंटर अनियंत्रित होकर दूसरी सड़क पर चला गया।

हादसे के बाद ट्राला चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में कैंटर में सवार दलजीत सिंह को गंभीर चोटें आईं। गुरमीत सिंह ने बताया कि उसने तुरंत सरकारी एंबुलेंस की मदद ली और घायल दलजीत सिंह को सरकारी अस्पताल घरौंडा पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दलजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, सड़क हादसे में लगी गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हुई।

ये भी पढ़ें: Pradosh Vrat 2026: जनवरी का अंतिम प्रदोष व्रत, ऐसे करें शिव-पार्वती की आराधना

Exit mobile version