
रेवाड़ी। रेवाड़ी में कांग्रेस संगठन को बड़ा संदेश देते हुए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने साफ कर दिया कि पार्टी में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो भी नेता या कार्यकर्ता पार्टी लाइन से हटकर काम करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने हाल ही में हुई क्रॉस वोटिंग पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के कुछ विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी के दबाव में ऐसा कदम उठाया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि पार्टी इस तरह के मामलों को गंभीरता से ले रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। रेवाड़ी और धारूहेड़ा नगर निकाय चुनाव के सवाल पर राव ने कहा कि कांग्रेस को सिंबल पर चुनाव लड़ने में कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता चाहेंगे तो पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे। उनके मुताबिक, सिंबल पर चुनाव लड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में भी उत्साह बढ़ेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर महंगाई और किसान मुद्दों को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार फसल खरीद को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि किसानों पर नई-नई शर्तें थोपकर उनकी फसल खरीद से बचने की कोशिश की जा रही है, जिससे किसान परेशान हैं। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल के नाम जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।
Also Read :