Alert for heavy rain in Haryana for 3 days : अंबाला। हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार से शुरू हुए बारिश के दौर के बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 10, 11 और 13 अगस्त को कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
यमुनानगर को विशेष रूप से चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। यदि बात करें मौसम विभाग की तो करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के कारण इन क्षेत्रों में तापमान में गिरावट और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। यमुनानगर में सोमवार सुबह से ही बारिश हो रही है। जिले में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने को कहा गया है। पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की तीव्रता अलग-अलग रहने का अनुमान है।