Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

अंबाला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

February 6, 2026

अंबाला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

हरियाणा डेस्क: हरियाणा के अंबाला से एक बार फिर बम धमकी का मामला सामने आया है। इस बार अंबाला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए दी गई है। धमकी की जानकारी मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को काफी सख्त कर दिया गया है।

कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा

धमकी के बाद कोर्ट में प्रवेश के नियम कड़े कर दिए गए हैं। मेटल डिटेक्टर से हर आने-जाने वाले व्यक्ति की जांच की जा रही है। बिना पहचान पत्र के किसी को भी कोर्ट परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। वकील, कर्मचारी और फरियादी सभी की सख्ती से चेकिंग की जा रही है। पुलिस अधिकारी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

पहले भी मिल चुकी हैं बम धमकियां

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है, जब अंबाला में इस तरह की धमकी सामने आई हो। कुछ दिन पहले अंबाला में करीब डेढ़ दर्जन सरकारी और निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले थे। शुरुआत में तीन स्कूलों को निशाना बनाने की बात सामने आई थी, लेकिन कुछ ही देर में धमकी वाले स्कूलों की संख्या बढ़ती चली गई।

जांच में जुटी एजेंसियां

फिलहाल अंबाला कोर्ट को मिली धमकी को लेकर पुलिस साइबर सेल और सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की जांच कर रही हैं। धमकी देने वाले की पहचान और उसके मकसद का पता लगाने की कोशिश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जा रही।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें