Site icon Dainik Savera Times

अवैध कॉलोनियों पर अनिल विज का बड़ा एक्शन; संबंधित रजिस्ट्रारों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश

यमुनानगर : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज यमुनानगर में अवैध कालोनी काटे जाने पर एक्शन लिया और अवैध कालोनी काटे जाने के दौरान तत्कालीन संबंधित रजिस्ट्रार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, श्री विज ने जगाधरी के सेक्टर-17 में भूमि के एक टुकड़े की रजिस्ट्री करने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम के संबंधित सहायक अभियंता दीपक सुखीजा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

श्री विज आज यमुनानगर में जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पहले से निर्धारित 15 परिवाद रखे गए, जिनमें से ऊर्जा मंत्री ने 7 परिवादों को मौके पर ही समाधान कर दिया तथा शेष 8 परिवादों को आगामी बैठक तक हल करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री श्री विज के सम्मुख एचएसवीपी के सेक्टर-17, जगाधरी निवासी महेन्द्र तनेजा ने प्रॉपर्टी आईडी के भूमि के एक टुकड़े को अप्रूव कर रजिस्टरी किए जाने बारे शिकायत रखी, और इस मामले में अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने जांच की रिपोर्ट प्रस्तुत की जिस पर ऊर्जा मंत्री ने नगर निगम के सहायक अभियंता दीपक सुखीजा के खिलाफ नगर निगम आयुक्त को एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि दीपक सुखीजा का तबादला हो चुका है जिस पर कैबिनेट मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए। वहीं, दूसरी ओर बसंत नगर, जगाधरी निवासी विजयदीप सिंह ने बसंत नगर जगाधरी के पास एचएसवीपी की जमीन में अवैध कॉलोनी काटे जाने पर डीटीपी व नगर निगम यमुनानगर द्वारा कार्यवाही करने बारे शिकायत पर एसडीएम जगाधरी ने पक्ष रखा जिस पर ऊर्जा मंत्री ने उपायुक्त को निर्देश दिए कि जो भी अवैध कालोनी काटी जा रही है उन पर डीटीपी द्वारा क्या कार्रवाई की जा रही है, इसकी जांच करवाए।

अवैध कालोनी की वजह से लोग बिजली, पानी व अन्य तरह की सुविधाएं सरकार से मांगते है। इसी प्रकार, गांव देवधर निवासी राजेन्द्र कुमार ने फसल चोरी के मामले में कोई कार्रवाई न करने बारे शिकायत की जिसकी जांच रिपोर्ट पुलिस विभाग द्वारा प्रस्तुत की गई जिस पर ऊर्जा मंत्री ने एसडीएम व डीएसपी छछरौली को जांच कर शिकायतकर्ता को संतुष्टि दिलवाने के निर्देश दिए। श्री विज ने जिन 7 परिवादों का मौके पर ही निपटान करने के निर्देश दिए, जिनमें मधुबन कालोनी जगाधरी निवासी मनजीत कौर ने सीवरेज की समस्या रखी थी जिस पर कार्यवाही करते हुए जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता ने सीवरेज की सफाई का कार्य करवा दिया।

इसी प्रकार, गांव डारपुर छछरौली निवासी हुसैनदीन ने अपने बेटे तारीफ का ट्रेक्टर-ट्राली से दुर्घटना में घायल करने वाले के खिलाफ कार्यवाही करने बारे, एकता विहार कांसापुर निवासी चरणजीत सिंह की शिकायत पर ऊर्जा मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को निष्पक्ष जांच करवाकर समाधान करवाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, नगर निगम आयुक्त महावीर प्रसाद, यमुनानगर के विधायक घनश्यामदास अरोड़ा, साढौरा की विधायक रेणु बाला, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, मेयर नगर निगम सुमन बहमनी, जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ठसका, जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ, व्यासपुर के एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह, छछरौली के एसडीएम जसपाल सिंह गिल, रादौर के एसडीएम नरेन्द्र कुमार, सीटीएम पीयूष गुप्ता, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, मार्किट कमेटी यमुनानगर के चेयरमैन राकेश त्यागी सहित अन्य अधिकारी तथा जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति के सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Exit mobile version