यमुनानगर: जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इंचार्ज अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गाँव खिजरी के पास एक युवक बिना नंबर की बाइक पर नशीले पदार्थ सहित घुम रहा है।
इस सूचना पर एएसआई कर्मवीर, अमित, मुख्य सिपाही पंकज, सुल्तान की एक टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को काबू किया। कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए मौके पर ड्यूटी मैजिस्ट्रेट अमित कुमार तहसीलदार जगाधरी को बुलाया गया, जिनकी मौजूदगी में युवक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 40 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान पुराना बांस मोहल्ला प्रताप नगर निवासी कमल उर्फ अमन के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इंचार्ज ने बताया कि रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी किन-किन लोगों से जुड़ा हुआ है और वह नशीले पदार्थ कहां से लाता था तथा किन क्षेत्रों में सप्लाई करता था। इंचार्ज ने कहा कि नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।