करनाल: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं घरौंडा विधायक हरविन्द्र कल्याण ने शनिवार को घरौंडा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस में जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याएं सुनीं व उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनका समाधान करवाना सुनिश्चित करे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने हल्का वासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली का पावन पर्व आपके जीवन में सुख, शांति, और खुशहाली लाए।
आप सभी का जीवन सुखी और समृद्ध हो। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि उनका प्रयास है कि आमजन से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा सके। इस कड़ी में जनसुनवाई कार्यक्रमों का आयोजन नियमित रूप से किया जा रहा है। क्षेत्र में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। हल्के की जनता को अधिक से अधिक विकास परियोजनाओं की सौगात मिले, इसको लेकर वे निरंतर प्रयासरत हैं। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने जनसुनवाई कार्यक्रम में आए सभा लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही उनका समाधान किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लें और तत्काल समाधान करें।
ताकि पात्र व्यक्ति तक सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि जनता के लिए उनके द्वार 24 घंटे खुले हैं तथा घरौंडा हलके का विकास उनकी प्राथमिकता है। इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, डीएसपी मनोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों मौजूद रहे।