बहादुरगढ़। नजफगढ़ रोड स्थित राठी फार्म हाउस में मंगलवार रात शादी समारोह के बीच अचानक तेज धमाके जैसी आवाज हुई। इसके बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और दो युवक घायल पाए गए।
ये भी पढ़ें: बहादुरगढ़ हाइवे पर भीषण टक्कर, तीन वाहन क्षतिग्रस्त; सोनैट कार पलटी, युवक की हालत नाजुक
इसी दौरान पता चला कि दूल्हे के परिचित बादली निवासी जितेश के हाथ में मौजूद हथियार से फायर हो गया था। गोली उसकी हथेली को भेदकर आगे खड़े नया गांव निवासी योगेश की बांह में जा लगी। उधर योगेश को तुरंत शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि जितेश को झज्जर रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुँची, मगर मौजूद लोगों ने घटना के बारे में जानकारी होने से इनकार किया। हालांकि पुलिस ने अपने स्तर पर तथ्य जुटाए और बाद में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जितेश के पास मौजूद हथियार लाइसेंसी था या नहीं। इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच रही है कि शादी में हथियार कैसे पहुंचा, जबकि हर्ष फायरिंग पर पाबंदी पहले से लागू है।
थाना प्रभारी दिनकर ने बताया कि फायरिंग में घायल हुए दोनों युवकों की स्थिति स्थिर है और पुलिस हर बिंदु की तस्दीक कर रही है।

