Site icon Dainik Savera Times

रात में धावा, ऊंटों से भरा कैंटर छोड़ भागे तस्कर

भिवानी। बहल थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस की कार्रवाई उस समय तेज़ हो गई, जब खेतों के रास्ते खड़ा एक कैंटर ऊंटों से भरा हुआ मिला और उसे देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। चैहड़ कलां चौकी पुलिस ने मौके से मिले वाहन के आधार पर तीन नामजद तस्करों सहित अन्य आरोपियों पर केस दर्ज किया है।

ये भी पढ़ेंः कनाडा वीजा बहाने बड़ी ठगी, युवक से उड़ाए 1.70 लाख 

सूचना के मुताबिक करीब डेढ़ बजे कुछ लोग खेतों में खड़े कैंटर में ऊंटों को ठूंसकर भर रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही तस्कर जान बचाकर भाग निकले, जबकि कैंटर में दस ऊंट पैरों से बंधे अमानवीय स्थिति में बरामद हुए। पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया और सभी ऊंटों को चैहड़ कलां स्थित बाबा बाड़ीनाथ गोशाला में सुरक्षित भिजवाया।

चौकी प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पदभार संभालने के बाद लगातार जानकारी मिल रही थी कि इस मार्ग से ऊंटों की अवैध तस्करी होती है। शुरुआती जांच से आशंका है कि तस्कर हरियाणा ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से भी ऊंट लाकर आगे सप्लाई करते रहे हैं।

बहल थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि सोमबीर, ढिल्लू और वसीम सहित अन्य तस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Exit mobile version