Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

महर्षि दयानंद जी की जयंति पर हुए कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे भूपेंद्र सिंह हुड्डा

September 23, 2023

महर्षि दयानंद जी की जयंति पर हुए कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे भूपेंद्र सिंह हुड्डा

जींद: बीजेपी-जेजेपी ने हरियाणा को अपराधियों की शरणस्थली बना दिया है। कानून व्यवस्था इस कद्र चौपट हो चुकी है कि हत्या, लूट, डकैती और महिलाओं के साथ बलात्कार रूटीन की घटनाएं हो गई हैं। पानीपत में महिलाओं के साथ गैंगरेप और हत्या का मामला प्रदेश में कानून व्यवस्था की जर्जर स्थिति का नतीजा है। ये कहना है पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। हुड्डा ने कहा कि पानीपत की जघन्य वारदात ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। लेकिन बीजेपी-जेजेपी सरकार अब भी कुंभकर्णी नींद सो रही है।

हर साल जारी होने वाले एनसीआरबी के सरकारी आंकड़े बार-बार गठबंधन को आईना दिखाते हैं। एनसीआरबी की रिपोर्ट और केंद्र सरकार द्वारा जारी सामाजिक प्रगति सूचकांक (एसपीआई) बताता है कि हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य है। यह हालात इसलिए हैं क्योंकि सरकार खुद कहती है कि वह नागरिकों को सुरक्षा नहीं दे सकती। भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज खटकड़ टोल पर आर्य समाज द्वारा आयोजित महर्षि दयानंद सरस्वती जी की 200वीं जयंति पर करवाए गए कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने महर्षि दयानंद जी को नमन किया और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि जिस दौर में हमारा समाज जातपात, ऊंच-नीच, आडंबर और अशिक्षा की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था, उस वक्त स्वामी जी ने सामजिक जागरण की शुरुआत की।

आर्य समाज ने सामाजिक सुधारों के जरिए आज़ादी के आंदोलन की नींव रखी। आर्य समाज ने जातिगत भेदभाव, छुआछूत को समाज से खत्म करने, महिलाओं को शिक्षा और पुनर्विवाह का अधिकार देने जैसी लड़ाईयां लड़ीं। स्वामी दयानंद सरस्वती ने जो मार्ग दिखाया, वह आज भी देश व समाज को प्रगति के ओर ले जा रहा है। हुड्डा ने बताया कि उन्होंने पहली बार स्वामी दयानंद जी के जन्मदिन पर ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। आर्य समाज की मांग के मुताबिक भविष्य में कांग्रेस सरकार बनने पर स्वामी दयानंद जी के जन्मदिन पर छुट्टी का ऐलान किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें