
सोनीपत के गोहाना में बाइक सवार पर देर शाम अचानक चाकुओं से हमला करने का मामला सामने आया है। युवक अपने दोस्त के साथ घर की तरफ जा रहा था। इसी बीच उस पर अचानक तीन हमलावरों ने हमला बोल दिया। चाकू युवक के पेट की बाईं तरफ जा लगा। जिससे युवक घायल हो गया। फिलहाल उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
युवक ने बताया कि वह अपने दोस्त जगवीर निवासी गांव रमडा के साथ गोहाना फोन खरीदने के लिए गया था। लेकिन दुकान बंद होने के कारण से वह वापस लौटने लगे। वापसी में जैसे ही वह फव्वारा चौक के पास गुड्डा मोड पर उन पर हमला कर दिया गया।
हमलावरों में से पहले एक युवक सड़क के बीच आ गया। और जैसे ही बाइक सड़क पर पहुंची, हमलावरों ने उन्हें गाड़ी रोकने पर मजबूर कर दिया। बाइक के रुकते ही हमलावरों ने बाइक चालकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। तभी एक आरोपी ने महेश के पेट में चाकू घोंप दिया।
खुद को बचाते हुए गांव रमड़ा निवासी महेश ने घायल हालत में मौके से बाइक को भगाया। जिसके बाद दोनों युवक पहले नागरिक अस्पताल पहुंचे और प्राथमिक उपचार करवाया। बाद में चिकित्सकों ने घायल को खानपुर कलां पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी ASI विनोद ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में महेश के पेट में 1.5 सेमी लंबा और 0.5 चौड़ा घाव दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 118(1), 126(2), 351(2), 3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया गया है।