Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा में विपक्ष के झूठ की पोल खोलने को तैयार भाजपा : सुदेश कटारिया

May 3, 2023

हरियाणा में विपक्ष के झूठ की पोल खोलने को तैयार भाजपा : सुदेश कटारिया

चंडीगढ़: हरियाणा में भाजपा विपक्ष पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए अपने प्रतिद्धंद्वी दलों की घेराबंदी के लिए तैयार है। भाजपा जहां कर्ज के मुद्दे पर कांग्रेस के झूठ को बेनकाब करेगी, वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार द्वारा गरीब व आम आदमी के कल्याण की दिशा में लिए गए फैसलों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री हर जिले के दौरे कर रहे हैं। लोकसभा स्तर की बैठकों में मिल रहे फीडबैक के आधार पर कार्यकर्ताओं और आम लोगों की सुनवाई की रफ्तार को बढ़ा दिया गया है। हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कर्ज और बेरोजगारी के मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने में लगे हुए हैं।

कभी वह राज्य पर चार लाख करोड़ रुपये का कर्ज होने के झूठे आरोप लगाते हैं तो कभी ऐसे दस्तावेज मुहैया कराने से बचते दिखाई पड़ते हैं। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में हुड्डा से इस बात के प्रमाण मांगे थे, जिनके आधार पर वह राज्य पर चार लाख करोड़ का कर्ज होने का आरोप लगा रहे हैं। लेकिन हुड्डा अपने झूठ को पकड़े जाने की डर से कोई कागज विधानसभा के पटल पर रखने को तैयार नहीं हुए हैं। प्रदेश में मात्र पांच से छह प्रतिशत बेरोजगारी सुदेश कटारिया ने कहा कि कांग्रेस प्रायोजित एजेंसी के माध्यम से राज्य में हर महीने बेरोजगारी के आंकड़े प्रदर्शित कर दिए जाते हैं, जो सिर्फ झूठ पर आधारित हैं। प्रदेश में मात्र पांच से छह प्रतिशत बेरोजगारी है, जो एक सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। हुड्डा को बच्चे, घर में कामकाज करने वाली घरेलू महिलाएं और बेहद बुजुर्ग हो चुके लोग भी बेरोजगार नजर आ रहे हैं। राज्य में परिवार पहचान पत्र लोगों के लिए संकटमोचक बन चुका है।

सरकारी योजनाओं का लाभ हासिल करने के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री भिवानी, पलवल और कुरुक्षेत्र के जनसंवाद कार्यक्रमों में सरकारी योजनाओं पर आम लोगों का फीडबैक प्राप्त कर चुके हैं। सरकार के कामकाज के प्रति लोगों में काफी उत्साह है। लोग इस बात से खुश हैं कि गांवों में विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई, क्योंकि भ्रष्टाचार पर रोक लगी है और सरकारी नौकरियां बिना किसी भेदभाव के मिल रही हैं। भाजपा कार्यकर्ता सरकार की इन योजनाओं को जन-जन तक ले जाकर विपक्ष के झूठ का भंड़ाफोड़ करने का काम करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें