रेवाड़ी: जिले के बावल थाना क्षेत्र में वैलेंटाइन डे के दिन एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। 21 वर्षीय प्रतीक की मौत प्रेम प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है। बता दे कि नांगल तेजू निवासी प्रतीक 14 फरवरी को अपनी प्रेमिका से मिलना चाहता था, लेकिन उसने मना कर दिया। सूत्रों के अनुसार लड़की की शादी पहले ही किसी और जगह तय हो चुकी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतीक 14 फरवरी को अपने चाचा को बावल छोड़ने गया था। इसके बाद घर लौटने पर उसकी तबीयत बिगड़ गई, मुंह से झाग आते देख परिजनों ने उसे बावल के निजी अस्पताल लेकर गए। इसके बाद उसे रेवाड़ी रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि प्रतीक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और दो बहनों का भाई था। शिकायत में यह भी सामने आया है कि उसी दिन लड़की के परिजनों ने युवक के परिवार से संपर्क कर प्रतीक को अपनी बेटी को परेशान न करने की बात कही थी। बावल थाना पुलिस के जांच अधिकारी एसआई करण सिंह ने मीडिया को बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मौत का प्राथमिक कारण जहर खाना सामने आया है। यह भी पता चला कि लड़के की मौत दोपहर में हुई और इसके ठीक दो मिनट बाद लड़की के चाचा ने लड़के के परिजनों को फोन कर अपनी बेटी से दूर रहने को कहा था। बताया गया कि दो महीने पहले भी लड़की के परिजनों ने लड़के के परिवार वालों को बेटी से दूर रहने की बात कहीं थी। वहीं पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।