Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

रोहतक में सीमेंट दुकानदार पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, गर्दन को चीरते हुए निकली गोली

April 12, 2026

रोहतक में सीमेंट दुकानदार पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, गर्दन को चीरते हुए निकली गोली

रोहतक : शहर में एक बदमाश ने दुकानदार को गोली मार दी। गोली दुकानदार की गर्दन को चीरते हुए गाल से होकर निकली। आरोपी ने दुकानदार को घायल देख 2 गोलियां और चलाईं, जो दुकान के ही कुछ हिस्सों में जाकर घुसी। दुकान पर मौजूद पीड़त के ताऊ तुरंत उन्हें पीजीआई ले गए, जहां गंभीर हालत में उनका इलाज चल रहा है। फायरिंग की सूचना पाकर फॉरेंसिक और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आपसी लेनदेन से मामला जोडक़र देख रही है। जानकारी के मुताबिक शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक गोहाना रोड स्थित राजलक्ष्मी सीमेंट-सरिया के दुकानदार प्रवीण पर सुबह करीब साढ़े 9 बजे एक व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। आरोपी ने दुकान पर घुसते ही 3 गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली उसके गर्दन को चीरते हुए गाल के पास से निकली। दुकान पर उस समय प्रवीण के ताऊ सत्यनारायण भी मौजूद थे।सत्यनारायण के अनुसार, आरोपी दुकान की साइड की गली से निकलकर दुकान पर पहुंचा।

उसने अचानक हथियार निकालकर प्रवीण के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें एक गोली उसकी गर्दन पर लगी, जबकि 2-3 गोलियां आसपास दुकान में लगी। उसने बताया कि आसपास के लोगों की मदद से प्रवीण को पीजीआई में भर्ती कराया, जहां ट्रामा सेंटर में प्रवीण का इलाज चल रहा है। सूचना पर ओल्ड सब्जी मंडी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। आरोपी दुकान पर अक्सर आता रहता था।

प्रवीण के पिता राज सिंह ने बताया कि प्रवीण का आरोपी के साथ कोई झगड़ा नहीं था। आरोपी ने तीन गोलियां चलाई है, जिसमें से एक बेटे को लगी। वहीं पुलिस अब पैसों के लेनदेन को लेकर भी जांच कर रही है। वहीं पुरानी सब्जीमंडी थाना के एसआई सुशील कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक परिजन घायल को पीजीआई लेकर पहुंच चुके थे। परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें