Site icon Dainik Savera Times

CM मनोहर लाल व उपमुख्यमंत्री ने जंगल सफारी के लिए निर्धारित क्षेत्र का किया हवाई सर्वेक्षण

चंडीगढ़: हरियाणा में अरावली पर्वत श्रृंखला में गुरुग्राम और नूह में लगभग 10 हजार एकड़ में बनने वाले विश्व के सबसे बड़े जंगल सफारी पार्क के लिए निर्धारित क्षेत्र का मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने रविवार को हवाई सर्वेक्षण किया। जंगल सफारी पार्क को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन व वन विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित परियोजना के लिए निर्धारित स्थल के मानचित्र को देखकर निशानदेही व अन्य कार्यों को लेकर निर्देश दिए। इस जंगल सफारी को वर्ल्ड क्लास बनाने के लिए विश्व स्तरीय विशेषज्ञों से राय व सुझाव लिए जाएंगे।

अरावली पर्वत श्रृंखला के संरक्षण और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा:मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इस क्षेत्र में जंगल सफारी विकसित होने से एक ओर जहां इस पर्वत श्रृंखला को संरक्षित करने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से काफी संख्या में लोग पर्यटन के लिए आएंगे। जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और ग्रामीणों को अधिक रोजगार के अवसर मुहैया करवाने के उद्देश्य से होम स्टे पॉलिसी शुरू की है। इसके तहत पर्यटकों को भी स्थानीय संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिलेगा। इस अवसर पर गुरुग्राम के उपायुक्त निशांत कुमार यादव व वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Exit mobile version