Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM नायब सैनी तीन दिवसीय जापान दौरे पर, 220 करोड़ का MoU किया साइन, जानें पूरा शेड्यूल

October 6, 2025

CM नायब सैनी तीन दिवसीय जापान दौरे पर, 220 करोड़ का MoU किया साइन, जानें पूरा शेड्यूल

हरियाणा डेस्क: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी तीन दिवसीय जापान यात्रा की शुरुआत टोक्यो के ऐतिहासिक सेंसोजी मंदिर के दर्शन से की। इसके साथ ही उन्होंने जापान में विभिन्न उद्योगपतियों और सरकारी प्रतिनिधियों से मुलाकात कर हरियाणा में निवेश और सहयोग के नए रास्ते खोलने की दिशा में मजबूत पहल की है।

जापान यात्रा के पहले ही दिन मुख्यमंत्री सैनी ने जापान के विदेश राज्य मंत्री मियाजी ताकुमा से मुलाकात की और द्विपक्षीय आर्थिक व सांस्कृतिक सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने 2026 में प्रस्तावित हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने का जापानी पक्ष को आमंत्रण भी दिया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि

आज मुझे टोक्यो के असाकुसा में करुणा के बोधिसत्व कन्नन को समर्पित प्राचीन और पूजनीय बौद्ध मंदिर, सेंसो-जी के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक संबंध सचमुच विशेष हैं। इस पवित्र स्थान पर मुझे जो दिव्य ऊर्जा और शांति का अनुभव हुआ, उसने इसे एक अत्यंत यादगार और हृदयस्पर्शी अनुभव बना दिया।

हरियाणा में निवेश को मिली रफ्तार: 220 करोड़ का MoU साइन

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हरियाणा सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने जापान की प्रसिद्ध सेरेन कंपनी लिमिटेड के साथ 220 करोड़ रुपये की एक मेगा परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। यह परियोजना रोहतक में स्थापित की जाएगी और इससे 1,700 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

सीएम सैनी ने कहा कि यह साझेदारी हरियाणा में उद्योगिक विकास और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि जापान के साथ इस तरह के सहयोग से राज्य की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी।

लिथियम-आयन बैटरी निर्माण को मिलेगा नया बल

मुख्यमंत्री ने अपनी यात्रा के दौरान टीडीके कॉर्पोरेशन और एटीएल बैटरी के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। ये कंपनियां हरियाणा के सोहना क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा लिथियम-आयन बैटरी प्लांट स्थापित कर रही हैं। बैठक में राज्य में इलेक्ट्रिक वाहन और उन्नत बैटरी निर्माण के लिए भविष्य के निवेश अवसरों पर चर्चा की गई।

CM का जापान दौरा: प्रमुख कार्यक्रमों की झलक

6 अक्टूबर: टोक्यो में जापान सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात, भारतीय दूतावास के कार्यक्रमों में भागीदारी, और जेईटीआरओ, सुमितोमो, डेंसो, निसिन फूड्स, टोप्पन जैसी कंपनियों से व्यापारिक संवाद।

7 अक्टूबर: शिंकानसेन ट्रेन से ओसाका रवाना होकर वर्ल्ड एक्सपो 2025 में ‘हरियाणा स्टेट जोन’ का उद्घाटन, निवेशक बैठकें और रोड शो करेंगे।

8 अक्टूबर: सुजुकी और कुबोटा के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का निरीक्षण और ओसाका प्रिफेक्चर के गवर्नर से मुलाकात करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें