Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

खासा पठाना के पास सीएनजी वेगनआर में लगी आग, टैंक ब्लास्ट; बाल-बाल बचा चालक

December 30, 2025

खासा पठाना के पास सीएनजी वेगनआर में लगी आग, टैंक ब्लास्ट; बाल-बाल बचा चालक

भूना: खासा पठाना में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ढाणी भोजराज निवासी रविदास पुत्र ओमप्रकाश की सीएनजी वेगनआर कार में अचानक आग लग गई, जिसके बाद सीएनजी टैंक में जोरदार ब्लास्ट हो गया। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ से कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। रविदास दोपहर करीब 2 बजे गुड़गांव से सवारी लेकर भूना पहुंचा था। यात्रियों को सुरक्षित उतारने के बाद वह अपनी कार से घर की ओर रवाना हुआ। जैसे ही वह गांव खासा पठाना के पास पहुंचा, तभी कार के बोनट से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं।

स्थिति भांपते ही रविदास ने तुरंत कार को सड़क से नीचे उतार दिया और कूदकर अपनी जान बचाई। रविदास ने बताया कि उसने आग बुझाने के लिए मिट्टी डालकर भरसक प्रयास किए, लेकिन कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान सीएनजी टैंक में ब्लास्ट हो गया, जिससे कार धू-धू कर जलने लगी। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई कुछ नहीं कर सका। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

पीड़ित रविदास ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कार में रखे आरसी, बीमा कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस सहित कई जरूरी दस्तावेज आग में जलकर नष्ट हो गए हैं। उसने इस घटना को पूरी तरह आकस्मिक बताया है।खासा पठाना के लोगों का कहना है कि यह घटना सभी वाहन चालकों के लिए सतर्क रहने की चेतावनी है, विशेषकर सीएनजी वाहनों में किसी भी तकनीकी खराबी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। थाना प्रभारी ओमप्रकाश बिश्नोई ने बताया कि वेगनआर कार में अचानक आग लगने की सूचना मिली थी। चालक द्वारा पुलिस में इत्तफाकिया बयान दर्ज करवाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें