Site icon Dainik Savera Times

विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन में पढ़े गए शोक प्रस्ताव

हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन में पिछले सत्र की अवधि से इस अवधि के अंतराल में मृत्यु को प्राप्त हुए महान विभूतियों, स्वतंत्रता सेनानी और शहीद जवानों के सम्मान में शोक प्रस्ताव पढ़े गए और शोक संतप्त परिवारों के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की गई। सर्वप्रथम सदन के नेता मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शोक प्रस्ताव पढ़े। इनके अलावा, विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता और विपक्ष के नेता श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने भी शोक प्रस्ताव पढ़कर अपनी ओर से श्रद्धांजलि दी। विधानसभा अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवारों को सदन की भावना से अवगत करने का आश्वासन भी दिया। सदन के सभी सदस्यों ने खड़े होकर दो मिनट का मौन रखा तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना भी की। सदन में जिनके शोक प्रस्ताव पढ़े गए, उनमें हरियाणा विधानसभा के भूतपूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर छत्तर सिंह चौहान, हरियाणा के भूतपूर्व राज्य मंत्री डॉ. राम प्रकाश शामिल हैं।

सदन में अदम्य साहस व वीरता दिखाते हुए मातृभूमि की एकता व अखंडता की रक्षा करने के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले हरियाणा के 18 वीर सैनिकों के निधन पर भी शोक व्यक्त किया गया। इन वीर शहीदों में जिला पानीपत के गांव बिंझौल के मेजर आशीष ढोंचक, जिला कैथल के गांव बालू की कैप्टन पूनम रानी, जिला भिवानी के गांव अलखपुरा के सूबेदार सरजीत सिंह, जिला रोहतक के गांव भैणी चंद्रपाल के नायब सूबेदार अशोक, जिला सोनीपत के गांव फरमाणा के सहायक उप निरीक्षक धर्मबीर सिंह, जिला महेन्द्रगढ़ के गांव गावड़ी जाट के हवलदार मान सिंह, जिला रोहतक के गांव खरैंटी के हवलदार शमशेर सिंह, जिला रोहतक के गांव भैणी चंद्रपाल के हवलदार सुधीर सिंह, जिला महेन्द्रगढ़ के गांव बारड़ा के हवलदार राकेश लांबा, जिला चरखी दादरी के गांव काकड़ौली हट्टी के कमांडो कर्ण सिंह, जिला पलवल के गांव गढ़ीपट्टी के नायक महेन्द्र, जिला झज्जर के गांव मुन्दसा के नायक संदीप कुमार, जिला सोनीपत के गांव राजलू गढ़ी के नायक विरेन्द्र राठी, जिला महेन्द्रगढ़ के गांव राता खुर्द के एयरमैन विकास, जिला महेन्द्रगढ़ के गांव कुरावहटा के सिपाही संदीप, जिला पलवल के गांव खाम्बी के सिपाही युधिष्ठिर, जिला रेवाड़ी के गांव खरखड़ी के सिपाही जवाहर सिंह और जिला सिरसा के गांव केवल के सिपाही जसपाल सिंह शामिल हैं।

उपरोक्त के अलावा, सदन में विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता के साले श्री रंजन मित्तल, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह के भतीजे राव अर्जुन सिंह, सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल की माता श्रीमती शकुंतला रानी, विधायक श्री मामन खान के पिता श्री मोहम्मद हनीफ, विधायक श्री राम कुमार गौतम के साले विरेन्द्र कुमार शर्मा, विधायक श्री नीरज शर्मा की मामी श्रीमती विजय लक्ष्मी, विधायक श्री कुलदीप वत्स के बहनोई श्री गंगा सहाय तथा पूर्व विधायक श्री टेकराम की पत्नी श्रीमती रिसाल कौर के दुःखद निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया गया।

 

Exit mobile version