Congress MLA Writes Blood-Letter to Haryana CM : सिरसा। सिरसा की बदहाल सड़कों, गंदगी, ठप सीवरेज और पानी की व्यवस्था को लेकर कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने अनोखा विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम खून से पत्र लिखा है। विधायक ने आरोप लगाया कि बार-बार जिला प्रशासन और सरकार के सामने समस्याएं उठाने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने सड़क को हाथ से उखाड़ने का वीडियो साझा कर भ्रष्टाचार पर भी सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह सिरसा आकर विधायक से बात करेंगे। सेतिया ने कहा कि सिरसा में जगह-जगह गंदगी है। पानी और सीवर की व्यवस्था ठप है। सफाई नहीं हो रही और नहरें सूख रही हैं। ऑटो मार्केट का भी बुरा हाल है। जहां देखो वहां बदहाली है। सिरसा खून के आंसू रो रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सवाल करते हैं कि विधायक कुछ करता क्यों नहीं। विधायक का काम सरकार के संज्ञान में मामला लाना है। मैं हर विधानसभा सेशन में अपने हकों के लिए चिल्ला चिल्लाकर आवाज उठाता हूं, लेकिन सरकार को सिरसा की बदहाली दिखाई नहीं देती।
मैंने अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस विधायक के खून से लिखे पत्र पर कहा कि सिरसा आकर उनसे बात करूंगा। विधायक ने कहा कि सिरसा विधानसभा में काफी मांगों के लिए कई बार जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार के समक्ष रख चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। सीएम नायब सिंह सैनी से लेकर कई मंत्रियों को भी सिरसा के बदतर हालात के बारे में जानकारी दे चुके है, लेकिन सीएम नायब सिंह सैनी और सरकार के मंत्री सिरसा में विकास के लिए गंभीर नहीं है।
Also Read :

