
फरीदाबाद। फरीदाबाद के पनहेड़ा खुर्द के पास जेवर एयरपोर्ट फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान एक भारी-भरकम क्रेन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बता दें कि हादसा उस समय हुआ जब फ्लाईओवर के लिए गार्डर उठाने का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि क्रेन गार्डर को ऊपर उठा रही थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते क्रेन पलटकर जमीन पर गिर गई। हादसे के समय निर्माण स्थल पर करीब 6 से 7 मजदूर काम कर रहे थे। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रेन गिरने के बाद 6 से 7 मजदूर क्रेन के नीचे दब गए, जिनमें से तीन से चार मजदूरों को फिलहाल निकाला जा चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण निर्माण स्थल पर काफी कीचड़ हो गया था। माना जा रहा है कि इसी कीचड़ और फिसलन की वजह से क्रेन का संतुलन बिगड़ा और ये बड़ा हादसा हो गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और अधिकारियों द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और अन्य मजदूर तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। इसके बाद पुलिस और राहत दल भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह का कहना है कि पिलर उठाने वाली बड़े क्रेन वाली मशीन का एक हिस्सा अचानक लोहे के कंटेनर पर गिर गया। उस दौरान कंटेनर के अंदर 6 से 7 मजदूर थे, जिनमें से तीन से चार को बाहर निकाल लिया गया है और अभी फिलहाल एक से दो लोग फंसे हुए हैं जिन्हें निकालने का काम किया जा रहा है। फिलहाल राहत बचाव कार्य किया जा रहा है। अभी किसी के मृत्यु की कोई सूचना नहीं है।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...