Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

करनाल में किया गया जिला रोजगार मेले का आयोजन, 150 युवाओं को जारी किए गए नियुक्ति पत्र

August 24, 2024

करनाल में किया गया जिला रोजगार मेले का आयोजन, 150 युवाओं को जारी किए गए नियुक्ति पत्र

करनाल: युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए कॉलेज के द्वारा कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं जिसमें वह अपना पंजीकरण करवा के किसी कंपनी में अच्छी जॉब प्राप्त कर सकते हैं। डीएवी पीजी कॉलेज की कैरियर काउंसलिंग सेल एवं विख्यात ग्लोबल फाउंडेशन आफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में जिला रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में मुख्य अतिथि के रूप में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के वाइस चांसलर प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत रूप से मुख्य अतिथि द्वारा मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री प्रतिनिधि संजय बठला, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य कपिल अत्रेजा, करनाल की पुर्व मेयर रेणु बाला गुप्ता, नव चेतना मंच के संस्थापक एसपी चौहान, विख्यात ग्लोबल फाउंडेशन आफ इंडिया के संस्थापक एवं चेयरमैन राकेश सचदेवा, राष्ट्रीय सह- प्रमुख दीपक शर्मा, गुरबख्श मनचंदा, कृष्ण अरोड़ा मुख्य रूप से पधारे।कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ रामपाल सैनी ने की।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के वाइस चांसलर प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि देश की तरक्की में युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्हें स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए रोजगार लेने वाले नहीं रोजगार देने वाला बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वरोजगार की ओर बढ़ना होगा। स्वरोजगार से स्वावलंबन को बढ़ावा मिलेगा, उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने एवं स्वावलंबी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। रोजगार आधारित शिक्षा ही हमारा उद्देश्य है। जो युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।

रेनू बाला गुप्ता पूर्व नगर निगम मेयर करनाल ने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि यह युवाओं के लिए एक अच्छी पहल है जहां पर उनको रोजगार देने के काम किए जाते हैं हरियाणा में युवाओं को रोजगार देने के लिए हरियाणा सरकार ने भी बहुत कदम उठाए हैं ताकि हरियाणा में बेरोजगारी ना रहे और सभी युवा रोजगार प्राप्त कर सके। आज डीएवी कॉलेज में यह रोजगार मेला लगाया गया है जिसमें सैकड़ो की संख्या में युवाओं ने पहुंचकर अपना पंजीकरण कराया और निश्चित तौर पर सभी को रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा।

प्राचार्य डॉ रामपाल सैनी ने कहा कि स्वरोजगार से युवा समृद्ध होगा और समाज में उन्नति के मार्ग खुलेंगे। जिससे दुसरे युवाओं को भी रोजगार मिलेगा इसलिए युवाओं को रोजगार लेने वाले नहीं रोजगार देने वाले बनना चाहिए। प्राचार्य ने कहा कि ऐसे अवसरों से लाभ लेकर युवा अपने भविष्य को संवार सकते हैं।

स्वावलंबी भारत अभियान के स्थानीय कॉर्डिनेटर कपिल मदान ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में 750 के लगभग युवाओं को पंजीकृत किया गया है। जिसमें से लगभग 150 युवाओं को नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विख्यात ग्लोबल फाउंडेशन इंडिया द्वारा सभी कॉलेजों को युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 3 डी प्रिंटिंग मशीन दी गई है जहां पर प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। कार्यक्रम में हरियाणा आईडल गायन का भी उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार व्यक्त करते हुए प्राचार्य डॉ रामपाल सैनी, विख्यात ग्लोबल फाउंडेशन के संस्थापक राकेश सचदेवा, कैरियर काउंसिलिंग सेल के संयोजक डॉ लवनिश बुदिराजा ने मुख्य अतिथि सहित सभी अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर अश्वनी जैन, सतीश शर्मा, संजय मदान, स्थानीय कॉलेजों के प्राचार्य डॉ गुरिंदर सिंह, डॉ सीमा शर्मा, डॉ आशिमा, डॉ सुभाष शर्मा, डॉ संजय जैन, डॉ ऋतु कालिया ,डॉ बलराम शर्मा, डॉ जितेन्द्र चौहान सहित सभी स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें