Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

20 हजार रुपये रिश्वत लेते बिजली विभाग का लाइनमैन रंगे हाथ गिरफ्तार

August 27, 2026

20 हजार रुपये रिश्वत लेते बिजली विभाग का लाइनमैन रंगे हाथ गिरफ्तार

नूंह: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की नूंह टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के लाइनमैन राकेश को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम में अभियोग संख्या 36, दिनांक 27.08.2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं 308(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

क्या था मामला 
शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने बेटे शाहिद के नाम से 6 किलोवाट बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था और कनेक्शन की निर्धारित सरकारी फीस भी जमा कर दी थी। शिकायत के अनुसार, बिजली विभाग के सब-डिविजन तावड़ू में तैनात लाइनमैन राकेश और जुनैद कनेक्शन लगाने की एवज में उससे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पास तत्काल 20 हजार रुपये ही उपलब्ध थे। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी नूंह की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी लाइनमैन राकेश को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी जुनैद मौके पर मौजूद नहीं मिला। उसकी तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

रिश्वत मांगे तो एसीबी को करें शिकायत
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य को करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तत्काल एसीबी की हेल्पलाइन 1064 या 1800-180-2022 पर करें। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में आमजन की जागरूकता और सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें