Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

गेट पास का इंतजार, किसानों का भड़का गुस्सा, फिर रोड जाम

October 27, 2026

गेट पास का इंतजार, किसानों का भड़का गुस्सा, फिर रोड जाम

Farmers Block Karnal-Kaithal Road Over Paddy Gate Pass Issue : करनाल। निसिंग अनाज मंडी में धान की बिक्री को लेकर किसानों और अधिकारियों के बीच विवाद गहरा गया। गेट पास नहीं कटने से परेशान कैथल जिले के किसानों ने सोमवार को करनाल-कैथल रोड पर जाम लगाकर विरोध जताया।

किसानों का आरोप है कि वे कई दिनों से धान बेचने के लिए मंडी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पोर्टल पर गेट पास जारी नहीं होने के कारण उनकी फसल की खरीद नहीं हो पा रही। किसानों ने कहा कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होगा, वे जाम नहीं खोलेंगे। प्रदर्शनकारी किसानों ने बताया कि उनके गांव निसिंग के आसपास हैं और वे पिछले करीब 40 साल से इसी मंडी में अपनी धान की फसल बेचते आ रहे हैं। इस सीजन में वे पहले भी धान बेच चुके हैं, लेकिन अब उनकी ट्रालियों के गेट पास नहीं काटे जा रहे। किसानों का कहना है कि उनके पास फसल से संबंधित जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों ने सवाल उठाया कि जब वर्षों से वे इसी मंडी में फसल बेचते आ रहे हैं तो अब उन्हें क्यों रोका जा रहा है। किसानों ने सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि खेतों में फानों में आग लगने की जानकारी सेटेलाइट से मिल जाती है तो खेतों में उगाई गई धान की फसल का सत्यापन क्यों नहीं हो सकता। किसानों का कहना है कि सरकार एक ओर किसानों को देश में कहीं भी फसल बेचने की बात कहती है, वहीं दूसरी ओर दूसरे जिले की मंडी में धान बेचने में बाधाएं आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि धान उनकी अपनी जमीन पर पैदा हुई है और उनके पास सभी जरूरी कागजात हैं।

मार्केट कमेटी निसिंग के सचिव जसपाल मेहता ने बताया कि मंडी में धान लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारी किसान दूसरे जिले के रहने वाले हैं। सरकार की ओर से पत्र जारी कर दूसरे जिलों की धान मंडियों में लाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही धान का सत्यापन भी करवाया जा रहा है, ताकि नियमों के विरुद्ध कोई ट्राली मंडी में प्रवेश न करे। अधिकारियों के अनुसार, किसानों की समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें