Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana : मधुबन थाने में आग, शार्ट सर्किट, जलीं कई गाड़ियां

April 20, 2026

Haryana : मधुबन थाने में आग, शार्ट सर्किट, जलीं कई गाड़ियां

करनाल। करनाल स्थित मधुबन थाना सोमवार को थाने के मालखाने में आग लग गई। इससे मालखाने में खड़े वाहन जल गए। जीटी रोड की ओर से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन बिजली के तारों में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ।

वाहनों पर गिरी आग की चिंगारियां

ये आग की चिंगारियां नीचे खड़े वाहनों पर गिरीं। इनके गिरने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में काला धुआं छा गया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों और काम के सिलसिले में आए लोगों के बीच भगदड़ मच गई। पुलिस अधिकारी विपन कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आग की चपेट में दो प्रमुख वाहन आए। इनमें से एक कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई है।

कार और कैंटर भी जले

आग इतनी तेज थी कि दमकल के पहुंचने से पहले ही कार का अंदरूनी हिस्सा और इंजन पूरी तरह जल चुका था। वहीं पास ही खड़े एक कैंटर के टायरों में भी आग लग गई थी, लेकिन गनीमत रही कि समय रहते उस पर काबू पा लिया गया। अगर आग थोड़ी और फैलती, तो परिसर में खड़े दर्जनों अन्य जब्त वाहन भी इसकी चपेट में आ सकते थे। जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, मधुबन थाना पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन किया।

दमकल कर्मियों ने संभाला मोर्चा

दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद लपटों को शांत किया। पुलिस का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ ही तारों के टकराने या लोड बढ़ने से शॉर्ट सर्किट की घटनाएं बढ़ रही हैं। थाने के पास से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन पहले भी सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय रही है। फिलहाल, पुलिस इस हादसे में हुए कुल माली नुकसान का आकलन कर रही है, लेकिन इस घटना ने बिजली विभाग की लाइनों के रखरखाव पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

तार टूटने से आग का दूसरा हादसा

करनाल में निसिंग के गांव बालू में इसी माह के शुरू में गली के ऊपर से गुजर रही 11 केवी की हाईवोल्टेज बिजली लाइन टूटकर गिर गई थी। हादसे में फ्लिपकार्ट का कोरियर बॉय विक्की (25) गंभीर रूप से झुलस गया था। वह बाइक पर गांव में पार्सल देने आया था। रास्त में खड़े होकर ग्राहक को फोन कर रहा था तभी अचानक तार उसके ऊपर आ गिरा। उसके शरीर में आग की लपटें उठने लगीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बिजली निगम को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई। ग्रामीणों की मदद से युवक को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निसिंग पहुंचाया गया।

Also Read : 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें