
करनाल: अल्फा सिटी स्थित म्यूजिक कंपनी के कार्यालय पर आज सुबह बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायरिंग से तीन मंजिला इमारत और मुख्य द्वार के शीशे चकनाचूर हो गए, जबकि दीवारों समेत करीब 10 स्थानों पर गोलियों के निशान देखे गए।
सूत्रों के अनुसार, घटना आज सुबह लगभग 5:00 बजे हुई। आसपास के लोग अचानक गोलियों की आवाज सुनकर डर गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके से कई गोलियों के खोल बरामद किए और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें: पंजाब नगर निगम की प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, दो संपत्तियां सील
पुलिस जांच में जुटी
सदर थाना प्रभारी तरसेम ने बताया कि मकान नंबर 1244 में सागा म्यूजिक कंपनी का कार्यालय संचालित है, जिसके मालिक सुमित सिंह हैं। पुलिस अब इमारत और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। साथ ही म्यूजिक कंपनी के प्रतिनिधि और भवन मालिक से भी पूछताछ की जाएगी।
तरसेम ने यह भी बताया कि अभी तक धमकी या फिरौती की कोई बात सामने नहीं आई है, लेकिन फायरिंग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। इस बीच स्थानीय लोग घटना से सकते में हैं और पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।