यमुनानगर : जगाधरी थाना क्षेत्र के खारवन चौक स्थित गंगानगर कालोनी के बाहर शुक्रवार देर रात गोलीबारी की वारदात में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। फायरिंग उस वक्त हुई, जब तीनों दोस्त ऑफिस की पहली मंजिल पर बने कमरे में पार्टी कर रहे थे। नीचले हिस्से में वर्कर अपने काम में जुटे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग की। तीनों घायलों को उठाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मंधार गांव के रिछपाल (50) को मृत घोषित कर दिया।
गोलीबारी में घायल कमलजीत और गिरकर चोटिल हुए गुरनील मुसिंबल गांव के रहने वाले हैं। घटना के बाद क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में पूरे इलाके को घेर लिया। पता चला कि गांव मुसिंबल के सरपंच की कार व घर पर भी गोलियां चलाईं गई हैं। टीम दौडक़र गांव पहुंची और मामले की जानकारी ली। फिलहाल, पुलिस दोनों घटनाओं को जोडक़र देख रही हैं। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। प्रत्यक्षदर्शी हैप्पी के अनुसार खारवन चौक पर स्थित क्रेन का ऑफिस है।
देर रात इस ऑफिस में मंधार गांव के रिछपाल और मुसिंबल गांव के कमलजीत और गुरलीन पार्टी कर रहे थे। इस दौरान बाइक पर सवार बदमाश पहुंचे और अचानक से तीनों पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में मंधार गांव के रिछपाल और मुसिंबल गांव के कमलजीत गोली लगने से घायल हो गए। बाद में बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए। अचानक हुई इस फायरिंग से दहशत मच गई। नीचे के फ्लोर पर काम कर रहे वर्कर तुरंत दौडक़र ऊपर पहुंचे तो वहां रिछपाल, गुरलीन और कमलजीत घायल अवस्था में पड़े थे।
वर्करों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पता चलते ही जगाधरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रिछपाल को मृत घोषित कर दिया। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे रंजिश की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी गैंगस्टर को निशाना बनाकर तो फायरिंग नहीं की गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर मामले की जाँच शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और हमलावर किस दिशा में भागे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...