कैथल। यहां स्यू माजरा में खेत में काम करते समय एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत है।
मृतक के भतीजे सतनाम सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे वह अपने चाचा गुरविंदर सिंह के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में तूड़ी लेकर खेत से आ रहे थे। जैसे ही वे नहर के पास पहुंचे तभी गांव के ही प्रताप सिंह ने उन्हें रोक लिया। उसने इस रास्ते को अपना बताते हुए वहां से गुजरने से मना कर दिया।
बताया जा रहा है कि इसी बात दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि प्रताप सिंह ने गुस्से में आकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उसने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां सतनाम सिंह की ओर चलाई, जबकि तीसरी गोली गुरविंदर सिंह की छाती में जा लगी। गोली लगते ही गुरविंदर सिंह मौके पर गिर पड़ा। परिजनों उसे तुरंत सरकारी अस्पताल गुहला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गुरविंदर को मृत घोषित कर दिया।
डॉ. तेजेंद्र सिंह के अनुसार गोली मृतक की छाती के ऊपरी हिस्से में लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। गुहला थाना प्रभारी सुनेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा गवाहों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...