
Fog and Smog Raise Health Concerns Across Haryana : हिसार। प्रदेश में कोहरे के साथ ठंड बढ़ने लगी है। बदलते मौसम और हवा में घुलते धुएं व प्रदूषण के कारण लोगों की सेहत पर असर पड़ने लगा है। नागरिक अस्पताल की ओपीडी में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बच्चों के अलावा अस्थमा, सांस और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इस समय बच्चों में गला खराब होने के बाद खांसी और बुखार की शिकायत भी देखने को मिल रही है। डाक्टरों ने अस्थमा, सांस की पुरानी बीमारी और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने को कहा है। लोगों का कहना है कि शाम के समय धुंध के साथ धुआं घुलने से सड़क पर दूर तक देखना मुश्किल हो जाता है। गांवों से लेकर शहर के बाजारों तक शाम की आवाजाही पर इसका असर दिख रहा है। कुछ लोगों ने गले में जलन, आंखों में खुजली और सिरदर्द की शिकायत बताई। दोपहिया चालकों का कहना है कि कम दृश्यता में वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों के अनुसार, कोहरे के दौरान हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ा सकते हैं। अस्पताल में सांस फूलने और खांसी की शिकायत वाले मरीज भी पहुंच रहे हैं। नवंबर में तापमान गिरने और हवा की रफ्तार कम होने पर धूल और धुएं के कण जमीन के पास ठहर सकते हैं। हवा में नमी बढ़ने पर धुआं, धूल और वाहनों से निकले प्रदूषक धुंध के साथ मिल जाते हैं। धुएं और धुंध के इस मिश्रण को स्माग कहा जाता है। शाम के समय इसकी परत गहरी होने पर दृश्यता और घट सकती है। डाक्टरों के अनुसार, ठंडी हवा के सीधे संपर्क में आने से सांस की नलियों में सिकुड़न हो सकती है।
इससे अस्थमा के मरीजों में खांसी, सांस लेने में परेशानी या सीने में जकड़न बढ़ सकती है। सांस और हृदय रोग से पीड़ित लोग सुबह-शाम ठंडी हवा में निकलने से बचें और अपनी नियमित दवाएं डाक्टर की सलाह के बिना बंद न करें। सांस लेने में ज्यादा दिक्कत या सीने में दर्द होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
मेष: दिन शुभ रहेगा...