Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुरुग्राम के स्पा सेंटरों में फिर खुली अनैतिक नेटवर्क की परतें, लगातार छापों से बड़ा खुलासा

December 12, 2025

गुरुग्राम के स्पा सेंटरों में फिर खुली अनैतिक नेटवर्क की परतें, लगातार छापों से बड़ा खुलासा

गुरुग्राम। शहर में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे अवैध कारोबार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार देर रात पुलिस की टीम ने ओमेक्स मॉल स्थित दो स्पा सेंटरों पर दबिश देकर देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 से अधिक महिलाओं को रेस्क्यू किया गया। इससे पहले भी पिछले दो वर्षों में पुलिस शहरभर में 20 से ज्यादा स्पा सेंटरों को पकड़ चुकी है, जिनमें अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं।

ये भी पढ़ें: कुरुक्षेत्र में बड़ा खुलासा, आखिर स्वनिधि योजना से किसको मिलेगा लाभ?

सूत्रों के अनुसार, गुरुग्राम के चारों जोन में पांच सौ से अधिक स्पा सेंटर काम कर रहे हैं, जिनमें से कई पर पहले भी संदिग्ध गतिविधियों को लेकर शिकायतें मिलती रही हैं। खासकर डीएलएफ और एमजी रोड जैसे प्राइम क्षेत्रों में संचालित स्पा सेंटर लंबे समय से पुलिस रडार पर हैं।

जांच में सामने आया है कि इन स्पा सेंटरों में असम, मणिपुर, मेघालय सहित पूर्वोत्तर राज्यों तथा नेपाल व अन्य विदेशी देशों की महिलाएं लाई जा रही हैं। इनमें से कई महिलाओं को रोजगार का झांसा देकर इस धंधे में धकेला जाता है।

मादक पदार्थों की सप्लाई भी जुड़ी हुई

दो महीने पहले पुलिस ने एक नाइजीरियन नेटवर्क का पर्दाफाश किया था, जिसमें दो महिलाएं स्पा सेंटर में काम करने के बहाने ग्राहकों को नशे की सप्लाई करती थीं। यह गिरोह काफी समय से शहर के हाई-फुटफॉल वाले मॉल से अपनी गतिविधियां चला रहा था।

सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन—सड़क किनारे फिजिकल नेटवर्क का केंद्र

एमजी रोड पर स्थित सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के नीचे शाम ढलते ही महिलाओं की भीड़ जुटने लगती है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह इलाका देर रात तक देह व्यापार का हॉटस्पॉट बना रहता है। सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने शिकायत की है कि इस गतिविधि से न सिर्फ माहौल बिगड़ रहा है, बल्कि इलाके की छवि भी प्रभावित हो रही है।

पुलिस की बड़ी कार्यवाही—बीते महीनों की प्रमुख छापेमारी

सेक्टर-50: ओमेक्स मॉल में दो स्पा सेंटरों में छापा, तीन आरोपित गिरफ़्तार, 8 महिलाएं रेस्क्यू।

सेंट्रल प्लाज़ा, गोल्फ कोर्स रोड : ब्राउन स्पा और द रीगल एंड वेलनेस में देह व्यापार का खुलासा, संचालक सहित तीन युवतियां पकड़ी गईं।

कुतुब प्लाज़ा मार्केट (DLF फेज-1): यूनिक स्पा और लोटस स्पा में अभियान, आठ लोग हिरासत में।

मानेसर : छह महीने पूर्व एक साथ चार स्पा सेंटरों से 17 महिलाओं को छुड़ाया गया।

पुलिस का बयान

एसीपी हेडक्वार्टर सुशीला ने बताया कि,
“पिछले दो साल में 20 से अधिक स्पा सेंटरों में अवैध गतिविधियां मिली हैं। अभियान आगे भी चलता रहेगा और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें