‘Har Ghar Tiranga’ campaign runs until the 17th : करनाल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अधिक से अधिक विद्यार्थियों, युवाओं व आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डीसी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान अवधि के दौरान ध्वजारोहण समारोह आयोजित करने तथा सरकारी भवनों, शिक्षण संस्थानों, कार्यालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर रोशन करने के निर्देश दिए। उन्होंने करनालवासियों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर www.harghartiranga.com पोर्टल पर अपलोड करें। सेल्फी अपलोड करने के बाद प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा, जिसे नागरिक अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी साझा कर सकते हैं।
बैठक के उपरांत लघु सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल घरों पर तिरंगा फहराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि देश राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ भी मना रहा है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान भी किया जाएगा। अभियान में जिला प्रशासन के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, युवा संगठनों, गैर-सरकारी संगठनों, आरडब्ल्यूए तथा आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान तिरंगा बाइक रैली, तिरंगा साइकिल रैली, ई-बाइक रैली, तिरंगा रैली तथा प्रभात फेरी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मिडिल एवं सीनियर सेकेंडरी स्कूलों, कॉलेजों तथा सरकारी संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले के प्रमुख सरकारी भवनों को तिरंगा थीम पर रोशन किया जाएगा। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्क, मुख्य मार्गों तथा प्रमुख चौकों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी तिरंगा थीम के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का वातावरण तैयार किया जाएगा। स्कूलों एवं कॉलेजों में पेंटिंग तथा रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा बड़े आकार की तिरंगा रंगोली भी बनाई जाएगी। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को रचनात्मक माध्यम से अभियान से जोड़ना है।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत तिरंगा प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही है। लघु सचिवालय तथा बस स्टैंड पर प्रदर्शनी लगाई गई है तथा जिले के अन्य स्थानों पर भी तिरंगा प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभी उपमंडलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य वर्ष 1947 में विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा और जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देना तथा नई पीढ़ी को उस दौर के इतिहास एवं मानवीय त्रासदी से अवगत करवाना है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से एकता, सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा।