Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली धमाके के बाद हरियाणा में हाई अलर्ट, बीते दिन डॉक्टर के घर से मिला था 300 किलो RDX; गाइडलाइन जारी

November 11, 2025

दिल्ली धमाके के बाद हरियाणा में हाई अलर्ट, बीते दिन डॉक्टर के घर से मिला था 300 किलो RDX; गाइडलाइन जारी

नेशनल डेस्क : दिल्ली में सोमवार शाम हुए भीषण कार धमाके के बाद पड़ोसी राज्य हरियाणा में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। आपको बता दें कि राज्य सरकार ने पूरे हरियाणा में हाई अलर्ट घोषित किया है, विशेष रूप से उन जिलों में जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का हिस्सा हैं जैसे फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत और झज्जर।

बता दें कि लाल किले के पास हुए धमाके में कम से कम आठ लोगों की मौत हुई और कई वाहन जलकर नष्ट हो गए। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के इलाकों में भी दहशत फैल गई। जांच एजेंसियां फिलहाल धमाके के कारण और इसके पीछे संभावित आतंकी साजिश की दिशा में काम कर रही हैं।

हरियाणा के डीजीपी ने लोगों से अफवाह पर ध्यान न देने की अपील

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओ.पी. सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि राज्य में सभी पुलिस बलों को सतर्क कर दिया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की जानकारी तुरंत आपातकालीन हेल्पलाइन 112 पर दें। डीजीपी ने बताया कि पुलिस बलों की तैनाती अंतरराज्यीय सीमाओं, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, सार्वजनिक पार्किंग स्थलों और होटलों में बढ़ा दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, सभी जिलाधिकारियों को दिल्ली सीमा से सटे इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा बलों को यह भी कहा गया है कि भीड़भाड़ वाले बाज़ारों, मॉल्स और ऐतिहासिक स्थलों पर चौकसी बढ़ाई जाए ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तार

धमाके के कुछ ही घंटे पहले फरीदाबाद में एक कश्मीरी चिकित्सक के घर से लगभग 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, हथियार और गोलाबारूद बरामद किए गए थे। यह बरामदगी एक बड़े अभियान का हिस्सा थी, जिसमें सुरक्षा एजेंसियों ने जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। इस गिरोह से जुड़े आठ लोगों जिनमें तीन डॉक्टर भी शामिल हैं।

इन घटनाओं के बाद हरियाणा और दिल्ली दोनों में सुरक्षा इंतज़ामों को लेकर व्यापक समीक्षा की जा रही है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी को केवल आधिकारिक स्रोतों से ही सत्यापित करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें