Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा सरकार का पूरा हुआ 1 साल, CM नायब सिंह सैनी ने गिनाईं उपलब्धियां

October 17, 2025

हरियाणा सरकार का पूरा हुआ 1 साल, CM नायब सिंह सैनी ने गिनाईं उपलब्धियां

हरियाणा डेस्क: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार का आज पहला साल पूरा हो गया है। इस मौके पर राज्य सरकार ने अपनी एक साल की उपलब्धियों का ब्योरा जारी किया है। सरकार का कहना है कि उसने विधानसभा चुनाव से पहले जनता से किए 217 वादों में से 46 पूरे कर लिए हैं, जबकि 158 वादों पर काम जारी है। सरकार का दावा है कि इस वित्त वर्ष के अंत तक 90 से ज्यादा वादे पूरे कर लिए जाएंगे।

पहली वर्षगांठ पर राज्यभर में जश्न

सरकार अपनी पहली वर्षगांठ पर शुक्रवार को राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर रही है। मुख्य कार्यक्रम पंचकूला में होगा, जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा राज्य के सभी मंत्री, सांसद और अधिकारी अपने-अपने जिलों में कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस मौके पर सरकार मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के तहत लगभग 9,000 लाभार्थियों को आवासीय प्लॉट के अलॉटमेंट लेटर सौंपेगी। साथ ही 500 से ज्यादा फ्लैट भी बांटे जा सकते हैं। इसके अलावा पंचायतों को करोड़ों रुपये की ग्रांट भी जारी की जाएगी। कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक गीत और कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: पानीपत: गीता यूनिवर्सिटी की एलएलबी छात्रा की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज

एक साल में हुए बड़े फैसले

सरकार ने दावा किया कि पहले साल में ही कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। 24,000 युवाओं को ग्रुप-सी की सरकारी नौकरियां दी गईं। हर जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में मुफ्त डायलिसिस सेवा शुरू की गई। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने ग्रुप A और B में 1311 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिए।

किसानों और कर्मचारियों के लिए राहत

मुख्यमंत्री ने पहले विधानसभा सत्र में अनुबंधित कर्मचारियों, अतिथि अध्यापकों और तकनीकी शिक्षा से जुड़े कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा दी।सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की अधिसूचना जारी की। किसानों को 48 घंटे के भीतर डीबीटी के जरिए भुगतान देने की व्यवस्था की गई। ई-खरीद एप के ज़रिए किसान अब घर बैठे गेट पास बना सकते हैं। पट्टेदार किसानों को जमीन का मालिकाना हक देने की पहल शुरू हुई। सत्याग्राहियों की पेंशन ₹15,000 से बढ़ाकर ₹20,000 कर दी गई।
कानून और सुरक्षा से जुड़े कदम

नकली खाद, बीज और कीटनाशक बेचने वालों के लिए 5 साल की सजा का कानून लागू। शैक्षणिक संस्थानों के आस-पास सीसीटीवी कवरेज बढ़ाकर लड़कियों की सुरक्षा मजबूत की गई। ग्रामीण इलाकों में 20 साल से पुराने मकानों वाले परिवारों को भूमि का मालिकाना हक दिया गया। सभी सरकारी कॉलेजों को डिजिटल लाइब्रेरी की सदस्यता दी गई। ओबीसी उद्यमियों को मुद्रा योजना से ऊपर ₹25 लाख तक की ऋण गारंटी की सुविधा। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को ₹2,100 प्रति माह वित्तीय सहायता दी जा रही है।

महिलाओं और सैनिकों के लिए विशेष योजनाएं

शहीद सैनिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति दी जा रही है, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक ₹60,000, स्नातक तक ₹72,000 और स्नातकोत्तर तक ₹96,000 प्रति वर्ष शामिल है। महिला सरकारी कर्मचारियों को अब मनचाहे दिन पर मासिक छुट्टी की सुविधा। खिलाड़ियों को ₹500 प्रतिदिन डाइट मनी दी जा रही है। डंकी रूट की समस्या समाप्त करने के लिए कानून लागू किया गया।

ये भी पढ़ें: हिसार: रेलवे नौकरी के नाम पर ₹9.20 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

राज्यभर में मंत्री और सांसद होंगे कार्यक्रमों में शामिल

मुख्यमंत्री पंचकूला में मुख्य कार्यक्रम की अगुवाई करेंगे। उनके साथ राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा मौजूद रहेंगी। इसके अलावा मनोहर लाल (फरीदाबाद), कृष्ण पाल गुर्जर (पलवल), हरविंदर कल्याण (करनाल), कृष्ण मिड्ढा (जींद), अनिल विज (अंबाला), कृष्ण लाल पंवार (पानीपत), राव नरबीर सिंह (गुरुग्राम), महिपाल ढांडा (सोनीपत), विपुल गोयल (मेवात), अरविंद शर्मा (रोहतक), श्याम सिंह राणा (यमुनानगर), रणबीर गंगवा (हिसार), कृष्ण कुमार बेदी (सिरसा), श्रुति चौधरी (भिवानी), आरती सिंह राव (रेवाड़ी), राजेश नागर और रामचंद्र जांगड़ा (झज्जर)
गौरव गौतम और कार्तिकेय शर्मा (कैथल), सुभाष बराला (फतेहाबाद), किरण चौधरी (चरखी दादरी), धर्मबीर सिंह (महेंद्रगढ़) और नवीन जिंदल (कुरुक्षेत्र) के नाम भी शामिल हैं। ये सभी अपने-अपने जिलों में आयोजित समारोहों में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें