Site icon Dainik Savera Times

हरियाणा सरकार, गरीब परिवारों को देगी एक लाख फ्लैट या प्लॉट

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार राज्य में गरीब परिवारों को अपनी छत मुहैया कराने के तहत एक लाख फ्लैट या प्लॉट आवंटित करेगी।खट्टर ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गरीब और जरूरतमंदों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के दृष्टिगत राज्य सरकार ने प्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को सिर पर छत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना बनाई है। इस योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को एक लाख मकान या प्लाट दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना का आज पोर्टल शुरू किया गया है। इस पोर्टल पर जिन गरीब परिवारों के पास घर नहीं है और उनकी सालाना आय 1.80 लाख रूपये से कम है वे इसके लिए आवेदन कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गयी प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभाव को देखते हुए उनकी सरकार ने प्रेरणा लेते हुये यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है कि हर परिवार के पास अपना घर हो। इसी संकल्प के तहत मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना पोर्टल शुरू किया गया है। इस योजना में पंचकूला, गुरुग्राम, सोनीपत और फरीदाबाद में फ्लैट बनाए जाएंगे। जबकि अन्य शहरों में प्लॉट और फ्लैट देने के विकल्प उपलब्ध होंगे। योजना में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा आवास कॉलोनियां बनाई जाएंगी, जिनमें सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इतना ही नहीं, आवास निर्माण में अति आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।इस मौके पर खनन मंत्री मूलचंद शर्मा और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता के अलावा मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

Exit mobile version