Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा सरकार ने दी चेतावनी, इन लोगों के कटेंगे पानी और सीवर कनेक्शन

November 3, 2025

हरियाणा सरकार ने दी चेतावनी, इन लोगों के कटेंगे पानी और सीवर कनेक्शन

हरियाणा डेस्क: गुरुग्राम नगर निगम (MCG) ने शहर के पानी और सीवर शुल्क के बड़े बकायेदारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। आपको बता दें कि निगम प्रशासन ने 17,000 से अधिक उपभोक्ताओं की सूची तैयार की है, जिन पर कुल मिलाकर करीब 180 करोड़ रुपये का बकाया है। निगम अब इन उपभोक्ताओं के पानी और सीवर कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू करने जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, निगम के सभी डिवीजन के जूनियर इंजीनियरों (JE) को वार्डवार बकायेदारों की सूची सौंप दी गई है। ये जेई अब संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर बकाया राशि जमा कराने के निर्देश देंगे। अगर निर्धारित समय में भुगतान नहीं किया गया, तो ऐसे सभी उपभोक्ताओं के पानी और सीवर कनेक्शन काट दिए जाएंगे। निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब बकाया वसूली में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

गौरतलब है कि गुरुग्राम में कुल 1.87 लाख पानी-सीवर कनेक्शन हैं, लेकिन इनमें से केवल 30 हजार उपभोक्ताओं ने ही पानी के मीटर लगवाए हैं। मीटरों की कमी के कारण न तो वास्तविक पानी की खपत का सही आकलन हो पाता है और न ही राजस्व की सही वसूली हो रही है। इससे नगर निगम को हर महीने करोड़ों रुपये का नुकसान झेलना पड़ रहा है।

निगम अधिकारियों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक मीटर नहीं लगवाए हैं, उन्हें भी जल्द मीटर लगाने के निर्देश दिए जाएंगे। निगम का कहना है कि यह कदम न केवल राजस्व बढ़ाने के लिए जरूरी है, बल्कि पानी की बर्बादी रोकने और बेहतर जल प्रबंधन सुनिश्चित करने की दिशा में भी अहम साबित होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें