
हरियाणा सरकार ने 25 नवंबर को प्रतिबंधित अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ को समर्पित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस आयोजन को लेकर प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें: जमीनी रंजिश में घर में घुसकर दंपती पर हमला, चार नामजद
कुरुक्षेत्र में होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति तय मानी जा रही है। अधिकारियों का अनुमान है कि लाखों श्रद्धालु विभिन्न जिलों और पड़ोसी प्रदेशों से कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। भारी भीड़ की संभावना के कारण सभी प्रवेश मार्गों और पार्किंग स्थलों को विशेष रूप से चिन्हित किया जा रहा है।
उपायुक्त विश्राम मीणा ने बताया कि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण मिले और यातायात सुचारू रहे।” प्रशासन ने ट्रैफिक रूट, पार्किंग एरिया और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम की तैनाती को प्राथमिकता दी है।
ज्योतिसर में हुई समीक्षा बैठक में सिख संगत, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और जिला अधिकारियों ने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मीणा ने कहा कि यह समारोह गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाओं को वैश्विक स्तर पर प्रसारित करने का एक ऐतिहासिक अवसर बनेगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक, अनुशासित और यादगार साबित हो।