Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू कश्मीर में हरियाणा का जवान शहीद, 1 साल पहले हुई थी शादी, हादसे में 10 जवान हुए थे शहीद

January 23, 2026

जम्मू कश्मीर में हरियाणा का जवान शहीद, 1 साल पहले हुई थी शादी, हादसे में 10 जवान हुए थे शहीद

हरियाणा डेस्क। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक बेहद दुखद सड़क हादसा हो गया था। जिसमें सेना की एक गाड़ी फिसलकर करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस भयानक हादसे में 10 भारतीय जवान शहीद हो गए, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवानों को तुरंत एयरलिफ्ट कर उधमपुर के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हरियाणा के झज्जर के जवान मोहित हुए शहीद
इस हादसे में शहीद हुए जवानों में हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले जवान मोहित भी शामिल हैं। गुरुवार देर शाम जब यह दुखद खबर परिवार तक पहुंची, तो पूरे गांव और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

 

एक साल पहले हुई थी शादी
शहीद मोहित का पैतृक गांव गिजाड़ोध है। गांव में इस समय मातम का माहौल है। परिजनों ने बताया कि मोहित को सेना में भर्ती हुए करीब 5 साल हो चुके थे। करीब एक साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। जवान की शहादत की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

आज गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर
परिजनों को जानकारी दी गई है कि शुक्रवार को शहीद मोहित का पार्थिव शरीर गांव लाया जाएगा। सेना की ओर से जवान को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। प्रशासन की ओर से भी देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

 

कैसे हुआ हादसा?
डोडा जिले के डिप्टी कमिश्नर ने हादसे की वजह बताते हुए कहा कि सड़क पर जमी बर्फ के कारण चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। सेना के अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी में कुल 21 जवान सवार थे, जो डोडा से ऊपरी पोस्ट की ओर जा रहे थे।

 

खतरनाक है भद्रवाह-चंबा रोड
यह हादसा भद्रवाह-चंबा रोड पर हुआ, जो जम्मू-कश्मीर को हिमाचल प्रदेश से जोड़ता है। इस सड़क पर ऊंचे-ऊंचे पहाड़, गहरी खाइयां, तीखे मोड़ व बेहद संकरी सड़क जैसी मुश्किलें हैं। बर्फबारी के बाद यह रास्ता और ज्यादा खतरनाक हो जाता है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।

 

सीएम सैनी, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर देश के बड़े नेताओं ने गहरा दुख जताया है।  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा “जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत दुखद है। इस हादसे में देश की सेवा करते हुए 10 वीर जवानों की शहादत से मन व्यथित है। ईश्वर शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति दे। घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। ॐ शांति!” वहीं गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें