
हिसार। थाना सदर पुलिस ने रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरी लगवाने के नाम पर ₹9 लाख 20 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां एक आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत और दूसरे को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
जांच अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि गांव लुदास निवासी सतीश कुमार ने शिकायत दी थी कि रवींद्र उर्फ रिंकू (निवासी जमालपुर शेखा, फतेहाबाद) और सुभाष (निवासी लालोदा, तहसील टोहाना) ने उसे रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। विश्वास में लेकर दोनों ने उससे कुल ₹9.20 लाख की राशि हड़प ली।
शिकायत के आधार पर थाना सदर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज किया। जांच में सामने आया कि दोनों ने मिलीभगत से ठगी की वारदात को अंजाम दिया। बुधवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, रवींद्र से रिमांड की आवश्यकता नहीं थी, जबकि रकम की बरामदगी और अन्य सुराग जुटाने के लिए सुभाष से पूछताछ जरूरी मानी गई। अदालत ने रवींद्र को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि सुभाष को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...