Site icon Dainik Savera Times

बहादुरगढ़ के घर में लगी भीषण आग… जिंदा जले पति-पत्नी, 3 बच्चों की हालत गंभीर

Husband and Wife Burnt: बहादुरगढ़ के छोटू राम नगर में एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इस आग में जिंदा जलने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे कमरे में सो रहे उनके तीन बच्चों की दम घुटने से हालत गंभीर बनी हुई है। इतना ही नहीं आग बुझाते समय मृतक का पिता भी गंभीर रूप से झुलस गया है।

मृतकों की पहचान मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के निवासी सिंटू कुमार और उसकी पत्नी निशा देवी के रूप में हुई है। गंभीर हालत में तीनों बच्चों को बहादुरगढ़ के जीवन ज्योति अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। वहीं मृतक दंपति के शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल भिजवाया गया है।

हादसा बहादुरगढ़ के छोटू राम नगर में रात करीब 1:00 बजे के आसपास हुआ है। मृतक के पिता पांगों महतो ने बताया कि वह अपने बेटे, बहू और पोतों के साथ यहां पिछले लंबे समय से किराए पर रह रहे हैं। उनका बेटा सिंटू कुमार सब्जी बेचने का काम करता था। रात को सभी आराम से सोए थे।

Husband and Wife Burnt

अचानक उनकी आंख खुली तो चारों तरफ धुआं ही धुआं फैला हुआ था। उन्होंने दरवाजा खोलने का भी प्रयास किया लेकिन दरवाजा नहीं खुला। तो उन्होंने छत पर जाकर बाहर छलांग लगाई है और बाद में पड़ोसियों ने उनकी मदद की लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस आग ने उनके बेटे सिंटू कुमार और उसकी पत्नी निशा देवी को उनसे छीन लिया है।

इतना ही नहीं उनके तीन पोतों के सिर से भी माता-पिता का साया छीन लिया है। उनके तीनो पोते भी धुएं के कारण दम घुटने से गंभीर है। उन्हें गंभीर हालत में शहर के जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां फिलहाल आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही लाइनपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

इतना ही नहीं फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आग लगने की यह घटना कोई हादसा है या फिर साजिश। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू की है। कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या कुछ निकाल कर सामने आता है।

Exit mobile version