हरियाणा डेस्क: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले शराब तस्करों पर शिकंजा कसते हुए पलवल जिले की होडल सीआईए टीम ने अवैध अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 25 लाख रुपये की कीमत की 435 पेटियां अवैध शराब के साथ एक आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के अनुसार, यह शराब पंजाब के रोपड़ जिले से बिहार भेजी जा रही थी, संभवतः चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इसका उपयोग किया जाना था।
मुखबिर की सूचना पर छापेमारी
सीआईए इंचार्ज जगमिंद्र सिंह ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक हाईवा ट्रक में भारी मात्रा में शराब भरकर पंजाब से बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने होडल-उजीना ड्रेन के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद एक संदिग्ध हाईवा डंपर (नंबर RJ 53 GA 0552) को रोका गया।
जब वाहन की तलाशी ली गई, तो लकड़ी की पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई रॉयल स्टेज और इंपीरियल ब्लू ब्रांड की 435 पेटियां बरामद की गईं। पुलिस ने मौके पर ही चालक नवीन को हिरासत में ले लिया।
शराब तस्करी का पुराना खिलाड़ी निकला आरोपी
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नवीन पहले भी महाराष्ट्र में शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: निलंबित DIG भुल्लर के मामले में नया अपडेट, CBI ने विदेशी सम्पत्ति का किया खुलासा
केस दर्ज, रिमांड पर होगी आगे की जांच
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ होडल थाना में एक्साइज एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अदालत में पेश कर आरोपी को रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि सप्लाई चैन और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी मिल सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिहार चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, और आने वाले दिनों में और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

