Site icon Dainik Savera Times

हरियाणा में 162 पीएचसी तोड़कर बनेंगे नये, एक सा होगा डिज़ाइन: विज

यमुनानगर: हरियाणा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनिल विज ने कहा है कि राज्य के 162 जन स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को चिह्नित किया गया है, जिन्हें तोड़कर एक डिज़ाइन का बनाया जाएगा तथा इनमें ईसीजी और एक्सरे की सुविधा भी होगी। विज ने गुरुवार को यहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा 46 स्वास्थ्य सेवाओं का उद्घाटन किए जाने के अवसर पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुये यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को आदेश दिया गया है कि जितनी भी टूटी-फूटी पीएचसी हैं, उन्हें तोड़कर बनाया जाये।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने आदेश दिए हैं कि पीएचसी लेवल तक ईसीजी और एक्सरे मशीन की सुविधा मुहैया कराई जाए। यह सुविधा मुहैया कराने के लिए विभाग ने योजना तैयार की है ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जा सकें।’’ उन्होंने कहा कि सरकार दवाइयां डब्ल्यूएचओ जीएमपी स्तर की ले रही है। इसी प्रकार, यूएस-एफडीए प्रमाणित उपकरण अस्पतालों में लिये जा रहे हैं, क्योंकि जब तक अच्छे उपकरण नहीं होंगे, तब तक डॉक्टर अच्छा इलाज नहीं कर सकते।सरकार प्रयास कर रही है कि सभी जिला अस्पतालों में एक्सरे की मशीन, अल्ट्रासाउंड, एमआरआई और कैथ लैब संचालित हो। वर्तमान में राज्य के चार जिलों में ये लैब हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमने इम्पैनलमेंट की नीति में बदलाव किया है कि एनएबीएच अस्पतालों को ही इम्पैनल करने का फैसला लिया है। इस एक निर्णय से राज्य के लगभग 400 निजी अस्पताल एनएबीएच हो गए। ई-उपचार के माध्यम से सभी स्वास्थ्य सुविधाओं को आपस में जोड़ा जा रहा है ताकि सभी स्वास्थ्य सुविधाओं में ऑनलाइन के माध्यम से मरीजों की जानकारी उपलब्ध हो सकें।

Exit mobile version